सरगुजा ओलंपिक: खेल प्रतिभाओं को मिला मंच, विजेता खिलाड़ी जिला स्तर पर करेंगे प्रतिभाग

कुसमी/विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता का हुआ समापन, सामरी विधायक ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
सरगुजा ओलंपिक विकासखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन समारोह सामरी विधायक के मुख्य आतिथ्य में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज, जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंती भगत, उपाध्यक्ष अशोक सोनी, मंडल अध्यक्ष शशि टोप्पो, नोडल अधिकारी एवं एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो, जनपद सीईओ मुन्नालाल ध्रुव तथा सीएमओ अरविंद विश्वकर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
आयोजन का संदेश “खेलेगा सरगुजा, बढ़ेगा सरगुजा” रखा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के बस्तर और सरगुजा संभाग में इस तरह के आयोजन शुरू किए गए हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच और अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बस्तर संभाग में भी खेल आयोजनों के माध्यम से युवाओं को आगे आने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान के कारण बस्तर के कई क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आया है। जहां पहले तिरंगा फहराना भी मुश्किल था, वहां आज स्कूलों में घंटियां बज रही हैं और युवा मुख्यधारा से जुड़कर आगे बढ़ रहे हैं।

जिला स्तर पर मिलेगा अगला अवसर
विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता बनने वाले खिलाड़ियों को अब जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिलेगा। जिला स्तर पर खिलाड़ियों को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने के साथ आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच और पहचान प्राप्त होगी।
मुख्य अतिथि ने कहा कि “खेल प्रतिभाओं को मंच, युवाओं को अवसर और प्रत्येक खिलाड़ी को आगे बढ़ने का संकल्प ही सरगुजा ओलंपिक की भावना है।” उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
समापन समारोह में केदार गुप्ता, लक्ष्मण सिंह, इंद्रदेव निकुंज, नसरुल्ला खान, सीजे प्रजापति, अर्जुन यादव, अंबिकेश्वर, रमेश गुप्ता, राकेश भारती, राजेश्वर गुप्ता, देवसाय भगत, एबी नंद कुमार गुप्ता, मंडल संयोजक प्रदीप गुप्ता सहित बड़ी संख्या में खेल शिक्षक, पंचायत सचिव, शिक्षकगण, खेलप्रेमी एवं नागरिक उपस्थित रहे।





