Welcome to SURYA BHARTI NEWS   Click to listen highlighted text! Welcome to SURYA BHARTI NEWS
छत्तीसगढ़

विकसित भारत जी-राम-जी योजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई गति

रायपुर/125 दिन का रोजगार और 300 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी से श्रमिक होंगे सशक्त

जांजगीर चांपा के सोनाईडीह में जिला स्तरीय जन सम्मेलन एवं शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण

विकसित भारत जी-राम-जी (VB-GRAM-G) योजना के राष्ट्रीय शुभारंभ अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनाईडीह में जिला स्तरीय जन सम्मेलन एवं शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आंध्र प्रदेश के तिरुपति से केंद्रीय ग्रामीण विकास तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किए गए राष्ट्रीय शुभारंभ एवं संबोधन का वर्चुअल माध्यम से सीधा प्रसारण देखा और सुना गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों तथा बड़ी संख्या में श्रमिकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में गांवों के समग्र विकास तथा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प जनभागीदारी से ही साकार होगा और प्रत्येक नागरिक की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी योजना के माध्यम से ग्रामीण श्रमिकों को अब 125 दिनों का रोजगार तथा 300 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी उपलब्ध होगी। इससे ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ेगी, गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और आत्मनिर्भर ग्रामीण भारत के निर्माण को नई गति मिलेगी।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि योजना का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। जल संरक्षण, जल संवर्धन तथा टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी विकास सुनिश्चित होगा।

जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोहन कुमारी साहू ने कहा कि योजना से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अधिक अवसर मिलेंगे, जिससे पलायन में कमी आएगी और गांवों के विकास को नई दिशा मिलेगी। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा चौहान ने कहा कि योजना के माध्यम से प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

कार्यक्रम में के.के. चंद्रा, श्रीमती रूपा सिंह देव, श्रीमती उत्तरा सिदार, श्रीमती अमिता लहरे, सुरेश साहू एवं गोकुल जायसवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने तथा गांवों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रामीण नागरिक, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!