Welcome to SURYA BHARTI NEWS   Click to listen highlighted text! Welcome to SURYA BHARTI NEWS
छत्तीसगढ़

औद्योगिक सुरक्षा, श्रमिक हित और पर्यावरणीय मानकों के पालन में प्रशासन सख्त’

रायपुर/दो औद्योगिक इकाइयों के विरुद्ध श्रम न्यायालय में परिवाद दर्ज’

संयुक्त निरीक्षण अभियान के तहत विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की जांच, नियमों के पालन के दिए निर्देश’

औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा, पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन तथा वैधानिक प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए रायगढ़ जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त निरीक्षण अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं, श्रमिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा पर्यावरणीय मानकों के पालन का विस्तृत परीक्षण किया।

संयुक्त दल में तहसीलदार रायगढ़, उप संचालक औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य, सहायक संचालक उद्योग तथा पर्यावरण विभाग के अधिकारी शामिल थे। टीम ने इमुल टेक, रिजेनेसिस इंडस्ट्रीज़ सहित अन्य औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, कार्यस्थल पर सुरक्षा प्रबंधन, श्रमिकों के लिए अपनाए जा रहे सुरक्षा उपायों तथा पर्यावरणीय प्रावधानों के अनुपालन की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आवश्यक सुधारात्मक सुझाव देते हुए संबंधित प्रबंधन को निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रमिकों की सुरक्षा तथा पर्यावरणीय नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और उल्लंघन करने वाली इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

जिला प्रशासन के अनुसार, पूर्व में किए गए निरीक्षणों के दौरान जारी कारण बताओ नोटिस के बाद शिव शक्ति स्टील प्राइवेट लिमिटेड तथा साईं गणेश ट्रेडिंग कंपनी द्वारा प्रस्तुत पालन प्रतिवेदन संतोषजनक नहीं पाए गए। इसके फलस्वरूप दोनों औद्योगिक इकाइयों के विरुद्ध माननीय श्रम न्यायालय, रायगढ़ में परिवाद प्रस्तुत किया गया है।

प्रशासन ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में संयुक्त निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा, ताकि श्रमिकों की सुरक्षा, औद्योगिक सुरक्षा मानकों तथा पर्यावरणीय नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!