छत्तीसगढ़

खरीफ सीजन से पहले किसानों को समय पर मिल रहा खाद, प्रदेशभर में सुचारू वितरण व्यवस्था’

रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशों से किसानों को मिल रही बड़ी राहत’

छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर कृषि विभाग और सहकारी संस्थाओं के माध्यम से प्रदेशभर में खाद-बीज का अग्रिम भंडारण और सुचारू वितरण किया जा रहा है, जिससे किसानों को समय पर आवश्यक कृषि आदान उपलब्ध हो रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों से किसानों द्वारा खाद वितरण व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया जा रहा है। सहकारी समितियों और वितरण केंद्रों में किसानों को बिना किसी परेशानी के खाद उपलब्ध हो रहा है, जिससे वे समय पर खेतों की तैयारी और बोनी संबंधी कार्यों में जुट सके हैं।

सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम मुड़ैसा की महिला किसान श्रीमती सरिता ने बताया कि उनके पास लगभग 10 एकड़ कृषि भूमि है और खरीफ सीजन की तैयारी के लिए उन्हें आवश्यक मात्रा में खाद आसानी से उपलब्ध हो गया। उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों में रोपा लगाने के समय खाद की मांग बढ़ने पर परेशानी का सामना करना पड़ता था, लेकिन इस वर्ष बेहतर प्रबंधन के कारण समय रहते खाद मिल जाने से खेती की तैयारियां सुचारू रूप से चल रही हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की अग्रिम भंडारण और वितरण व्यवस्था से किसानों को बड़ी राहत मिली है। समय पर खाद उपलब्ध होने से अब वे निश्चिंत होकर खेती-किसानी के कार्यों में जुट सकेंगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कृषि विभाग को निर्देश दिए हैं कि राज्य के किसी भी किसान को खाद और बीज की कमी का सामना न करना पड़े। इसके लिए सभी जिलों में आवश्यक मात्रा में उर्वरकों और बीजों का भंडारण सुनिश्चित किया गया है तथा वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। राज्य सरकार का उद्देश्य किसानों को समय पर कृषि संसाधन उपलब्ध कराकर कृषि उत्पादन में वृद्धि करना और किसानों की आय बढ़ाने में सहयोग देना है। किसानों को मिल रही यह सुविधा राज्य की किसान हितैषी नीतियों और सुशासन की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!