Welcome to SURYA BHARTI NEWS   Click to listen highlighted text! Welcome to SURYA BHARTI NEWS
टॉप न्यूज़राजस्थान

कोटा विकास प्राधिकरण द्वारा 13 वर्षों से लंबित 57 आवासीय प्रकरणों का समाधान

पात्र आवेदकों को लॉटरी के माध्यम से मिला आवंटन

कोटा विकास प्राधिकरण द्वारा रानपुर एवं भदाना अफोर्डेबल आवासीय योजनाओं के अंतर्गत वर्षों से लंबित आवासीय प्रकरणों का समाधान करते हुए आज कुल 57 पात्र आवेदकों को लॉटरी के माध्यम से आवास आवंटित किए गए। यह प्रकरण लगभग 13 वर्षों से लंबित थे, जिनका समाधान कर पात्र परिवारों को बड़ी राहत प्रदान की गई।
उल्लेखनीय है कि इन योजनाओं में वर्षों पूर्व आवेदन करने वाले अनेक पात्र आवेदकों का आवास आवंटन विभिन्न कारणों से लंबित था। मांग पत्र की संपूर्ण राशि समय पर जमा नहीं होने के कारण, आवास निर्माण पूर्ण होने के बावजूद आवंटन प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो पाई थी।
कोटा विकास प्राधिकरण के आयुक्त श्री बचनेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के हित में विशेष निर्णय लेते हुए केन्द्र एवं राज्य सरकार से प्राप्त सब्सिडी राशि का समायोजन कर पात्र आवेदकों को राहत प्रदान की गई। इस निर्णय के फलस्वरूप जमा राशि को पूर्ण मानते हुए आवास आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

आज आयोजित लॉटरी में रानपुर अफोर्डेबल आवासीय योजना के EWS एवं LIG वर्ग तथा भदाना अफोर्डेबल आवासीय योजना के EWS वर्ग के पात्र आवेदकों को आवास आवंटित किए गए। लॉटरी प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता एवं सार्वजनिक उपस्थिति में सम्पन्न कराया गया।
लॉटरी प्रक्रिया के दौरान उपायुक्त हर्षित वर्मा एवं विशेषाधिकारी (भूमि) शिक्षा पवन द्वारा पर्चियां निकालकर आवंटन प्रक्रिया सम्पन्न कराई गई।
KDA सचिव मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि आवंटित परिवारों को शीघ्र ही आवंटन पत्र एवं कब्जा पत्र जारी किए जाएंगे, जिससे वे अपने स्वयं के आवास में प्रवेश कर सकेंगे।
इसी क्रम में शहरी सेवा शिविर के अंतर्गत आज विभिन्न श्रेणियों में कुल 271 प्रकरणों का निस्तारण किया गया तथा लगभग ₹105.70 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ। इनमें 113 पट्टे जारी, 56 फ्री-होल्ड एवं लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, 73 नामांतरण प्रकरणों का समाधान तथा 27 ब्याज छूट प्रकरणों में वसूली शामिल रही।
कोटा विकास प्राधिकरण द्वारा आमजन के लंबित प्रकरणों के समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण की प्रक्रिया निरंतर जारी है, जिससे नागरिकों को त्वरित राहत उपलब्ध कराई जा रही है।
https://youtu.be/jcF3lIcD6ZA?si=BqfXQSFvATFPD0Uz

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!