तिरंगा के प्रति ईमानदारी नहीं तो वह नबी का भी नहीं, नबीं ने कहा है जिस धरती ने तुम्हें, अन्न, धन, प्राण दिया उसके प्रति ईमानदार बनो : मौलाना सगीर अहमद मिस्बाही

अम्बिकापुर/सभी धर्मों के प्रमुखों ने पैगम्बर मोहम्मद के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित किया
मुस्लिम समाज के प्रवर्तक पैगंबर मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिन के अवसर पर आज जश्ने ईद मिलादुन्नबी का त्योहार पूरी शिद्दत, श्रद्धा, शालीनता व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न मोहल्लों से जुलूस निकलकर शहर के मुख्य मार्ग से होता हुआ कला केंद्र मैदान पहुंचा ।
इस अवसर पर सीरतुनंनबी कमेटी अंबिकापुर के द्वारा कला केंद्र मैदान में भव्य, शानदार, आकर्षक तथा गरिमा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें शहर के सभी धर्म संप्रदाय वर्ग के प्रबुद्धजन तथा धार्मिक गुरुओं सहित शहर के तमाम लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम को विभिन्न धर्मो के धर्म गुरुओं तथा वक्ताओं ने संबोधित किया। ईसाई समाज के प्रमुख धर्म गुरु विशप स्वामी डॉक्टर एंथोनी बड़ा, सिख समाज के वक्ता हर्षदीप सिंह धंजल, हिंदू धर्म के वक्ता अंजनी कुमार पांडे तथा मुस्लिम समाज के धर्मगुरु जनाब मौलाना सगीर अहमद मिस्बाही तथा मौलाना हमीद रजा ने हज़रत मुहम्मद सल्लल्लहु अलैहि वसलम के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों पर चलने के लिये प्रेरित किया।

वक्ताओं ने बताया कि जब दुनिया में बुराई का अंधेरा छाया हुआ था ऐसे प्रतिकूल माहौल में पैगंबर मोहम्मद साहब का जन्म हुआ उन्होंने मानवता, अहिंसा, महिला अधिकार, लोकतंत्र, समाजवाद, तथा न्याय के साथ खड़े होने का इंसाफ संदेश दिया। उन्होंने बताया कि पैगंबर साहब ने दूसरे धर्म का सम्मान करने,अनुशासन में रहने , सौम्यता, शालीनता, उदार और ईमानदार होने की समझाइस दी । वक्ताओं ने कहा कि दुनिया की महात्मा गांधी और नेल्सन मंडेला जैसी कई महान हस्तियों ने यह स्वीकार किया कि वे मोहम्मद साहब के बताए हुए मार्ग पर चलकर ही आगे बढ़े हैं और दुनिया में इंसानियत को फैलाने का संकल्प लिए। वक्ताओं ने देश प्रेम पर जोर देते हुए कहा कि देश प्रेम आधा ईमान है जो देश का नहीं वह नबी साहब का नहीं हो सकता इसलिए जिस भूमि पर रहो उससे जी भर के प्यार करो।
सभा को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सरगुजा के पूर्व उपाध्यक्ष आदित्यायेश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि सिर्फ सीरतुनंनबी कमेटी के द्वारा प्रतिवर्ष सांप्रदायिक सद्भावना की जो मिसाल पेश की जाती है वह अनोखी है कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों व संप्रदाय के लोगों को शामिल करके शहर के आपसी भाईचारा और समरसता को मजबूती प्रदान की जाती है वह अत्यधिक सराहनीय है।

इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में 10वीं एवं 12वीं के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, खेल के क्षेत्र बॉक्सिंग ,हैंडबॉल, शूटिंग,कुश्ती तथा केरम आदि खेल के माध्यम से जिला और राज्य में अंबिकापुर का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को तथा यूपीएससी और सीजीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले होनहार युवाओं को सम्मानित किया गया।
समाज सेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली समाजसेवी संस्था रजा यूनिटी फाउंडेशन, गौ सेवा मंडल तथा मुस्लिम युवा मंच सहित शहर के सभी स्कूलों एवं मदरसे के चुनिंदा होनहार छात्रों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित व सम्मानित किया गया।
विगत कई वर्षों से सीरतुनंनबी कमेटी के कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले दो चुनिंदा सदस्य मसूद आलम तथा फैजान अहमद को सम्मानित किया गया।

विभिन्न मोहल्लों की सजावट में प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान आने वाले कमेटी को भी प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण कमेटी के अध्यक्ष मेराज गुड्डू, संचालन फैजान अहमद और आभार कार्यकारी अध्यक्ष नियाजउद्दीन खान निक्की के द्वारा व्यक्त किया गया।





