टॉप न्यूज़राजस्थान

करियर पॉइंट यूनिवर्सिटी में दीक्षांत समारोह संपन्न

सीपीयू के दीक्षांत समारोह में 700 से अधिक विद्यार्थियों को मिलीं डिग्री, विभूतियों को मानद डॉक्टरेट से किया गया अलंकृत

करियर पॉइंट विश्वविद्यालय का भव्य दीक्षांत समारोह 2026 शनिवार को सीपी ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मयंक सक्सेना ने स्वागत भाषण दिया और विश्वविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के चांसलर प्रमोद माहेश्वरी ने की।

कार्यक्रम में आईआईएम इंदौर के पूर्व निदेशक डॉ. राजन सक्सेना मुख्य अतिथि तथा प्रज्ञा प्रवाह के अखिल भारतीय संयोजक श्री जे. नंदकुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान विभिन्न संकायों के 700 से अधिक विद्यार्थियों को उपाधियाँ एवं शैक्षणिक सम्मान प्रदान किए गए, जिनमें 400 स्नातक, 161 स्नातकोत्तर, 85 पीएच.डी. और 59 डिप्लोमा सम्मिलित हैं। साथ ही, शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं विशिष्ट उपलब्धियों के लिए 27 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और 19 विद्यार्थियों को रजत पदक से अलंकृत किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रमोद माहेश्वरी ने कहा कि विद्यार्थियों को अरुणिमा सिन्हा के एवरेस्ट अभियान से प्रेरणा लेते हुए कठिन परिस्थितियों में भी साहस बनाए रखना चाहिए और अपने लक्ष्य के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी, परिश्रम और दयालुता को जीवन में अपनाने तथा अपने परिवार व समाज के लिए उपयोगी बनने का सन्देश दिया।

मुख्य अतिथि डॉ. राजन सक्सेना ने अपने उद्बोधन में कहा कि उपाधि पूरी हो गई है, लेकिन सीखना जारी रहना चाहिए। उपनिषद् की प्रार्थना तमसो मा ज्योतिर्गमय का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा विद्यार्थियों को प्रश्न पूछने, तर्क के आधार पर सोचने और समस्याओं का रचनात्मक समाधान खोजने की क्षमता देती है।

विशिष्ट अतिथि श्री जे. नंदकुमार ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल सफल जीवन नहीं, बल्कि सार्थक जीवन होना चाहिए। स्वामी विवेकानंद के विचारों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षित व्यक्ति पर समाज का ऋण होता है और विद्यार्थियों को देश को वापस लौटाने की भावना रखनी चाहिए।

कुलपति प्रो. डॉ. मयंक सक्सेना ने बताया कि करियर पॉइंट विश्वविद्यालय अब पूर्ण रूप से एक एआई-फर्स्ट संस्थान बन चुका है, जहाँ नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत सभी पाठ्यक्रमों को रोजगारपरक और आधुनिक तकनीक से जोड़ा गया है। उन्होंने विश्वविद्यालय की गुणवत्ता और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए जानकारी दी कि सीपीयू नेक तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद से मान्यता प्राप्त है। इसके साथ ही, विश्वविद्यालय ने आउटकम-बेस्ड एजुकेशन रैंकिंग में प्लैटिनम बैंड और टाइम्स हायर एजुकेशन इम्पैक्ट रैंकिंग में एसडीजी-२ के अंतर्गत 101-200 वर्ग में स्थान बनाकर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता को सिद्ध किया है। उन्होंने आगे बताया कि इस सत्र में 95 कंपनियों के माध्यम से 350 से अधिक विद्यार्थियों का कैंपस प्लेसमेंट हुआ है, जिसमें अधिकतम वार्षिक पैकेज 33 लाख रुपये रहा, साथ ही 13 विद्यार्थियों ने अपने स्टार्टअप प्रारंभ कर जॉब क्रिएटर्स बनने का उदाहरण प्रस्तुत किया है।

अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय एवं ऐतिहासिक योगदान के लिए विश्वविद्यालय द्वारा विशिष्ट विभूतियों को मानद उपाधियों से सम्मानित किया गया।

इसके अंतर्गत यूजीसी के पूर्व अध्यक्ष, नेक के पूर्व कार्यकारी निदेशक तथा इग्नू, महात्मा गांधी विश्वविद्यालय और क्युसैट के पूर्व कुलपति रहे प्रख्यात वैज्ञानिक प्रो. (डॉ.) वी. एन. राजशेखरन पिल्लै को मानद डॉक्टर ऑफ साइंस की उपाधि प्रदान की गई। वे भारतीय विज्ञान अकादमी व रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री के निर्वाचित फेलो हैं तथा उन्हें भारतीय विज्ञान कांग्रेस के अध्यक्षीय स्वर्ण पदक और एम. वी. पाइली पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। मानद उपाधि स्वीकार करते हुए प्रो. (डॉ.) वी. एन. राजशेखरन पिल्लै ने विद्यार्थियों से अपनी उपलब्धियों पर गर्व करने के साथ विनम्र बने रहने तथा दृढ़ विश्वास के साथ चुनौतियों का सामना कर स्वयं को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

मानद पीएच.डी. की श्रेणी में प्रख्यात कालबेलिया नृत्यांगना पद्मश्री गुलाबो सपेरा को सम्मानित किया गया, जिन्हें पद्मश्री (2016), भारत गौरव सम्मान (2021) और महारानी एलिजाबेथ द्वितीय द्वारा स्वर्ण पदक (1985) प्राप्त हो चुका है। कालबेलिया लोकगीत और नृत्य को वर्ष 2010 में यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में सम्मिलित कराने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है और वे 165 से अधिक देशों में अपनी कला का प्रदर्शन करने के साथ पुष्कर में नृत्य अकादमी के माध्यम से नई पीढ़ी को प्रशिक्षित कर रही हैं।

इसके साथ ही, कोटा के औद्योगिक क्षेत्र के भीष्म पितामह कहे जाने वाले मित्तल एंटरप्राइजेज के प्रमुख और मित्तल धातु रसायन उद्योग के संस्थापक श्री गोविंद राम मित्तल को मानद पीएच.डी. से अलंकृत किया गया। वे कोटा लघु उद्योग संघ के संस्थापक अध्यक्ष, लघु उद्योग भारती व कोटा कैंसर सोसाइटी के संचालक मंडल सदस्य होने के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘वानप्रस्थ धाम’ एवं प्रमुख नागरिक सुविधाओं के संस्थापक रहे हैं।

इसी क्रम में कोटा के प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं गोयल ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज़ के प्रमुख श्री ताराचंद गोयल को उद्योग जगत में अग्रणी नेतृत्व, क्षेत्रीय औद्योगिक विकास, व्यापक स्तर पर आजीविका के अवसर सृजित करने तथा सामाजिक उत्थान एवं जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए मानद पीएच.डी. प्रदान की गई।

समारोह में सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. निमित चौधरी ने शिक्षक समुदाय की ओर से विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि जीवन की चुनौतियों के बीच वे अपना साहस और विश्वास सदैव बनाए रखें। शिक्षकों के स्नेह और सहयोग का भरोसा दिलाते हुए उन्होंने प्रेरक पंक्तियाँ सुनाईं— कभी नहीं तुम साहस खोना, होना नहीं उदास तुम। हर तूफान में हमें पाओगे, हर पल अपने पास तुम।

इस ऐतिहासिक अवसर पर सीपी समूह के निदेशक एवं शासी निकाय के सदस्य ओम माहेश्वरी तथा शैलेन्द्र माहेश्वरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त पॉन्ड मैन ऑफ इंडिया रामवीर तंवर, कोटा विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. विमला डूंकवाल, डॉ. समर सिंह, डॉ. राजरानी, पूर्व कुलपति डॉ. मिथिलेश दीक्षित एवं डॉ. सुमेर सिंह यादव, डॉ. प्रतिमा श्रीवास्तव, डॉ. चंद्रजीत सिंह, डॉ. एस.आर. मालू, श्री आर.एस. तंवर, सुश्री श्वेता गौतम, श्री सुप्रीत अग्रवाल तथा डॉ. सत्येन्द्र गुप्ता सहित अनेक शिक्षाविद्, अभिभावक और गणमान्य नागरिक समारोह के साक्षी बने।

समारोह के समापन पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव मोहित माथुर ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, कुलाधिपति, मानद उपाधि प्राप्त विभूतियों, शासी निकाय के सदस्यों, समस्त शिक्षाविदों, अभिभावकों, प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने समारोह की सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन व्यवस्था हेतु संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए सभी उपाधिधारकों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। अंत में राष्ट्रगान व राष्ट्रगीत के साथ इस भव्य दीक्षांत समारोह का विधिवत समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!