रेलवन ऐप जागरूकता अभियान सफलतापूर्वक संपन्न
15 दिनों तक कोटा मंडल के समस्त स्टेशनों पर यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग से जोड़ा गया

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे, कोटा मंडल द्वारा दिनांक 05 मई 2026 से 19 मई 2026 तक चलाया गया 15 दिवसीय “रेलवन ऐप जागरूकता अभियान” आज सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। अभियान के अंतिम दिन कोटा स्टेशन पर स्टेशन निदेशक श्री शशि भूषण शर्मा ने स्वयं बुकिंग काउंटरों पर उपस्थित होकर यात्रियों को रेलवन ऐप के उपयोग एवं इससे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों को भारतीय रेलवे के एकीकृत मोबाइल ऐप “रेलवन” से परिचित कराना तथा डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देना था। अभियान को यात्रियों का उत्साहजनक प्रतिसाद मिला और हजारों यात्रियों ने इस अभियान से जुड़कर रेलवन ऐप डाउनलोड की एवं इसके लाभों को समझकर इसे अपनाया। रेलवन ऐप में आर-वॉलेट के माध्यम से जनरल टिकट खरीदने पर 3 प्रतिशत की छूट मिलती है, जो टिकट काउंटर से खरीदने पर उपलब्ध नहीं होती। यह सुविधा प्रतिदिन काउंटर पर कतार लगाने वाले सामान्य श्रेणी के यात्रियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है।

श्री जैन ने बताया कि अभियान के अंतर्गत कोटा, न्यू कोटा, सोगरिया, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, बयाना, हिंडोन सिटी, बूंदी, बारां, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, शामगढ़ एवं विक्रमगढ़ अलोट सहित मंडल के समस्त स्टेशनों पर क्यूआर कोड युक्त स्टिकर एवं बैनर टिकट काउंटरों, प्रतीक्षालयों तथा प्लेटफॉर्म के प्रमुख स्थानों पर लगाए गए। बुकिंग क्लर्क, टिकट परीक्षक एवं वाणिज्य निरीक्षकों ने यात्रियों को ऐप डाउनलोड करने में सहायता की तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।

रेलवन ऐप में जनरल एवं आरक्षित टिकट बुकिंग के साथ-साथ गाड़ी की वास्तविक समय स्थिति, प्लेटफॉर्म नंबर एवं कोच की स्थिति, यात्रा के दौरान सीट पर भोजन की सुविधा, रेल मदद के माध्यम से शिकायत दर्ज करना, टिकट निरस्त होने पर धनवापसी तथा आर-वॉलेट से त्वरित भुगतान जैसी समस्त सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हैं। ऐप में अनेक भारतीय भाषाओं का समर्थन तथा बायोमेट्रिक लॉगिन की सुविधा भी है।
यात्रियों से अपील है कि रेलवन ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करें, अपने मोबाइल नंबर से पंजीकरण करें और काउंटर की कतार में समय नष्ट करने की बजाय मोबाइल से ही टिकट बुक कर 3 प्रतिशत की छूट का लाभ उठाएं।




