भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी 13 लाख की सीसी रोड, मानकों को ताक पर रखकर हो रहा निर्माण

कुसमी/कुसमी जनपद के ग्राम पंचायत भूलसी का मामला, सरपंच, उपसरपंच और ग्रामीणों ने खोला मोर्चा
20 एमएम की जगह डाल रहे 40 एमएम की गिट्टी, बिना वाइब्रेटर चलाए हो रही सड़क की ढलाई
विभागीय अधिकारियों की समझाइश को भी ठेंगा, कर्मचारियों ने कहा- अपने हिसाब से करेंगे काम
ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए शासन द्वारा करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन मैदानी स्तर पर ठेकेदार की मनमानी और विभागीय अधिकारियों की ढिलाई के कारण ये निर्माण कार्य भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ते नजर आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला कुसमी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत भूलसी से सामने आया है। यहां मंडी बोर्ड के माध्यम से लगभग 13 लाख रुपये की लागत से बन रही सीसी रोड में घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग और तय मानकों की अनदेखी को लेकर ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच व ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्माण की गुणवत्ता में तत्काल सुधार नहीं किया गया, तो वे काम को पूरी तरह बंद करवा देंगे।
23 पंचायतों में चल रहा है निर्माण कार्य
मिली जानकारी के अनुसार, मंडी बोर्ड द्वारा कुसमी जनपद क्षेत्र की लगभग 23 ग्राम पंचायतों में ठेका पद्धति के जरिए सीसी रोड और पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है। इसी कड़ी में वर्तमान में ग्राम पंचायत भूलसी में करीब 13 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से सीसी रोड का निर्माण जारी है। शासन का उद्देश्य ग्रामीणों को पक्की सड़क की सौगात देना है, लेकिन जिस तरह से सड़क बनाई जा रही है, उससे इसके जल्द ही उखड़ने और बर्बाद होने का खतरा पैदा हो गया है।
नियमों की उड़ रही धज्जियां, सूचना पटल तक गायब
ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच और स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की खामियों को उजागर करते हुए बताया कि ढलाई में 20 एमएम की मानक गिट्टी की जगह 40 एमएम की बड़ी गिट्टी डाली जा रही है। इसके अलावा कंक्रीट के मिश्रण में गिट्टी और सीमेंट की मात्रा काफी कम रखकर बालू की मात्रा अधिक मिलाई जा रही है। सबसे बड़ी तकनीकी लापरवाही यह है कि ढलाई के दौरान सड़क की मजबूती के लिए वाइब्रेटर मशीन तक नहीं चलाई जा रही है।

ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि कार्यस्थल पर विभाग द्वारा अनिवार्य रूप से लगाया जाने वाला सूचना पटल (साइन बोर्ड) भी नहीं लगाया गया है। इसके चलते आम जनता को यह पता ही नहीं चल पा रहा है कि यह कार्य किस विभाग से, कितनी लागत में कराया जा रहा है और सड़क की लंबाई, चौड़ाई व मोटाई का मापदंड क्या है। मौके पर विभागीय अधिकारियों की नियमित निगरानी न होने से ठेकेदार के कर्मचारी बेखौफ होकर मनमानी कर रहे हैं।
ठेकेदार के कर्मचारियों की दबंगई, सरपंच को दी चुनौती
ग्राम पंचायत भूलसी के सरपंच राजेश एक्का ने बताया कि सड़क की बेहद घटिया गुणवत्ता को देखते हुए उन्होंने मंडी बोर्ड के अधिकारियों से इसकी शिकायत की थी। शिकायत के बाद अधिकारियों ने कार्यस्थल का निरीक्षण किया और ठेकेदार के कर्मचारियों को गिट्टी बदलने, गिट्टी-बालू-सीमेंट का अनुपात सुधारने और वाइब्रेटर चलाने के निर्देश दिए थे। अधिकारियों ने सरपंच को भी आश्वस्त किया था कि यदि काम ठीक न हो, तो वे निर्माण कार्य रुकवा दें। सरपंच के अनुसार, जब उन्होंने कर्मचारियों से अधिकारियों के निर्देशानुसार काम सुधारने को कहा, तो कर्मचारी उल्टा उन्हीं पर भड़क गए और कहा कि वे अपने हिसाब से ही काम करेंगे, जहां शिकायत करनी है कर लें, उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।
“सरपंच द्वारा सीसी रोड निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की गई थी। इसके बाद मैंने और एसडीओ साहब ने मौके पर जाकर ठेकेदार के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे और गुणवत्ता सुधारने को कहा था। यदि इसके बावजूद सुधार नहीं किया जा रहा है, तो ठेकेदार को नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरपंच और ग्रामीणों को भी निर्देशित किया गया है कि गुणवत्ता में सुधार न होने पर वे तत्काल काम रुकवा दें और हमें सूचित करें। निर्माण कार्य में ठेकेदार की मनमानी बिल्कुल नहीं चलने दी जाएगी।”





