
मंडल रेलवे अस्पताल, कोटा में एचपीवी टीकाकरण शिविर का सफल आयोजन
निवारक स्वास्थ्य सेवा की दिशा में रेलवे की महत्वपूर्ण पहल — 11 लाभार्थियों को लगाया गया टीका
कोटा। मंडल रेलवे अस्पताल, कोटा में ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुपर्णा सेन रॉय के निर्देशन में संपन्न हुआ। शिविर का मुख्य उद्देश्य एचपीवी से संबंधित रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पात्र लाभार्थियों को निवारक टीकाकरण प्रदान करना था।
शिविर का संचालन परिवार कल्याण विभाग के कर्मचारियों की देखरेख में किया गया। पंजीकरण, स्क्रीनिंग, टीकाकरण और टीकाकरण उपरांत निगरानी सहित संपूर्ण प्रक्रिया को सुचारू एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न करने के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। शिविर में लाभार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखी गई।
शिविर के दौरान कुल 11 लाभार्थियों को एचपीवी का टीका लगाया गया। सभी आवश्यक सावधानियों और चिकित्सा प्रोटोकॉलों का पूर्णतः पालन किया गया ,सभी लाभार्थियों को मौके पर ही टीकाकरण प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।

यह पहल गर्भाशय ग्रीवा कैंसर सहित अन्य एचपीवी संबंधित कैंसर की रोकथाम में टीकाकरण के महत्व के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने में सहायक सिद्ध हुई। इस प्रकार के शिविर निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा टीकाकरण कार्यक्रमों में सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



