Welcome to SURYA BHARTI NEWS   Click to listen highlighted text! Welcome to SURYA BHARTI NEWS
छत्तीसगढ़

सुशासन तिहार से किसानों को मिल रही आर्थिक मजबूती, किसान क्रेडिट कार्ड बना सहारा

रायपुर/गांव में ही मिल रहा योजनाओं का लाभ, किसानों को नहीं लगाने पड़ रहे दफ्तरों के चक्कर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार आमजन, विशेषकर किसानों के लिए राहत और सुविधा का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। जनसमस्या निवारण शिविरों के जरिए शासन की योजनाओं का लाभ अब सीधे गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने में मदद मिल रही है।
सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत राजपुरी निवासी किसान प्रदीप कुमार प्रजापति को सुशासन तिहार के तहत आयोजित समाधान शिविर में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) का लाभ मिला। किसान क्रेडिट कार्ड मिलने से अब उन्हें खेती-किसानी के लिए समय पर आर्थिक सहायता, खाद, बीज और अन्य कृषि आवश्यकताएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।

प्रदीप कुमार प्रजापति ने बताया कि पहले खेती के दौरान आर्थिक तंगी के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। धान बेचने के बाद भी अगली फसल की तैयारी के लिए पूंजी जुटाना कठिन होता था। किसान क्रेडिट कार्ड बनने के बाद अब खेती का खर्च उठाना आसान हो जाएगा और जरूरत पड़ने पर ऋण सुविधा भी समय पर मिल सकेगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से गांव में ही समस्याओं का समाधान हो रहा है। अब किसानों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और योजनाओं का लाभ सीधे गांव में मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार के तहत प्रदेशभर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में किसान क्रेडिट कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन, वन अधिकार पत्र सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। शासन की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन और जनसुविधाओं की पहुंच लगातार मजबूत हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!