छत्तीसगढ़

वनांचल में विकास का नया सवेरा : पहली बार बिजली से जगमगाया कटेमा गांव

रायपुर/पीएम-जगुआ योजना’ के तहत 27 परिवारों के घरों में पहुंची बिजली, ग्रामीणों में उत्साह का माहौल

जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के संयुक्त प्रयासों से खैरागढ़ जिले के वनांचल क्षेत्र के ग्राम कटेमा ने विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। ‘पीएम-जगुआ योजना’ के अंतर्गत आजादी के बाद पहली बार इस सुदूर वनांचल गांव को मुख्य विद्युत ग्रिड से जोड़ा गया है। वर्षों से लालटेन और ढिबरी के सहारे जीवन यापन कर रहे 27 परिवारों के घरों में जैसे ही बिजली का पहला बल्ब जला, पूरा गांव खुशी और उत्साह से झूम उठा। ग्रामीणों के लिए यह क्षण किसी उत्सव से कम नहीं था।
इस महत्वपूर्ण विद्युतीकरण कार्य के तहत विद्युत विभाग द्वारा दुर्गम वनांचल क्षेत्र में लगभग 12 किलोमीटर लंबी 11 केवी विद्युत लाइन एवं लगभग 1 किलोमीटर लंबी निम्नदाब (LT) लाइन का विस्तार किया गया। साथ ही ग्रामीणों की विद्युत आवश्यकताओं को पूरा करने हेतु 63 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर भी स्थापित किया गया है।

यह कार्य कलेक्टर इंद्रजीत चन्द्रवाल एवं छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कम्पनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर के विशेष मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार पूर्ण किया गया। कार्यपालक निदेशक शैलेट तथा अधीक्षण अभियंता भीम सिंह कंवर के नेतृत्व में परियोजना को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा गया। विशेष रूप से खैरागढ़ संभाग के कार्यपालन अभियंता आलोक दुबे के सतत निरीक्षण एवं सक्रिय पर्यवेक्षण से वनांचल क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद तकनीकी चुनौतियों को दूर करते हुए कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया गया।
बिजली सुविधा उपलब्ध होने से अब कटेमा गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा तथा ग्रामीणों को रात्रिकालीन गतिविधियों में सुविधा होगी। गांव के लाभार्थियों ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!