Welcome to SURYA BHARTI NEWS   Click to listen highlighted text! Welcome to SURYA BHARTI NEWS
छत्तीसगढ़

सिबिलदाग व करकली हाई स्कूल की छात्राओं को मिली सरस्वती साइकिल।

कुसमी/जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज ने किया साइकिल वितरण, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने पर दिया जोर

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज के मुख्य आतिथ्य में सिबिलदाग एवं करकली हाई स्कूल में सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिबिलदाग हाई स्कूल की कक्षा 9वीं में अध्ययनरत छात्राओं को 13 नग तथा करकली हाई स्कूल की छात्राओं को 35 नग सरस्वती साइकिल का निःशुल्क वितरण किया गया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंती भगत एवं जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अशोक सोनी की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय पहुंचने पर छात्र-छात्राओं, प्राचार्य एवं शिक्षकों द्वारा पुष्पवर्षा कर अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज ने कहा कि शासन द्वारा दूर-दराज से विद्यालय आने वाली कक्षा 9वीं की छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा प्रदान करने तथा बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरस्वती साइकिल योजना संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज छात्राएं किसी भी क्षेत्र में छात्रों से पीछे नहीं हैं। सरकार द्वारा विद्यार्थियों के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिसका लाभ लेकर छात्र-छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए।
उन्होंने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे नियमित रूप से विद्यालय आएं, अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होकर आगे बढ़ें और भविष्य में अच्छे पदों पर पहुंचकर अपने माता-पिता, विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करें। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने तथा विद्यालय में उनकी शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी लेते रहने का आह्वान किया।
जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंती भगत एवं उपाध्यक्ष अशोक सोनी ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी है। इसे कोई चुरा नहीं सकता। विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ उठाते हुए अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी नंद कुमार गुप्ता, विद्यालय के प्राचार्य गिरीश राय एवं यशोदा बाई सहित शिक्षकों द्वारा अतिथियों का पुष्पमाला भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन करकली संकुल समन्वयक दीपक सिन्हा ने किया। स्वागत भाषण विद्यालय के प्राचार्य गिरीश राय ने दिया, जबकि आभार प्रदर्शन सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी नंद कुमार गुप्ता ने किया।
कार्यक्रम में करकली सरपंच अनिल राम, जिला संस्कृति प्रकोष्ठ सह-संयोजक सीजे कुमार प्रजापति, नगर पंचायत पार्षद पारस पाल, भाजपा नेता इंद्रदेव निकुंज, देवसाय भगत, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी नंद कुमार गुप्ता, प्राचार्य गिरीश राय एवं यशोदा बाई, शिक्षक समन्वयक दीपक सिन्हा, शिक्षक उमेश गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!