Welcome to SURYA BHARTI NEWS   Click to listen highlighted text! Welcome to SURYA BHARTI NEWS
छत्तीसगढ़

सेवा सेतु से समयबद्ध सेवा का लाभ, तीन दिवस में जारी हुआ आय प्रमाण पत्र

रायपुर/छत्तीसगढ़ सरकार की नागरिक सेवाओं को सरल, सुगम और समयबद्ध बनाने की पहल ‘सेवा सेतु’ अब आम नागरिकों के लिए शासकीय सेवाओं की आसान और सुविधाजनक पहुंच का माध्यम बन रही है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए नागरिक घर बैठे विभिन्न आवश्यक सेवाओं के लिए आवेदन कर रहे हैं और निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर प्रमाण पत्र एवं अन्य सेवाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इससे शासकीय कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने की जरूरत कम हुई है और पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित सेवा व्यवस्था को मजबूती मिल रही है।

सूरजपुर जिले के ग्राम महगवां, तहसील सूरजपुर निवासी सुरेश चन्द कुर्रे को सेवा सेतु के माध्यम से मिली समयबद्ध सेवा इसका उदाहरण है। उन्होंने अपनी पुत्री परिधि कुर्रे का आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए छत्तीसगढ़ शासन के सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए मात्र तीन दिवस में आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।

सुरेश चन्द कुर्रे ने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना सरल और सुविधाजनक रहा। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा से उन्हें कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी और निर्धारित समय में आय प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। उन्होंने शासन की इस पहल को आम नागरिकों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि डिजिटल माध्यम से सेवाएं मिलने से समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है।

सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ सुगम और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पोर्टल और आधार सेवा केंद्रों के माध्यम से आवश्यक दस्तावेजों में सुधार सहित विभिन्न सेवाओं की पहुंच आसान हो रही है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को अपने आवश्यक शासकीय कार्यों के लिए सुविधाजनक माध्यम मिल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!