Welcome to SURYA BHARTI NEWS   Click to listen highlighted text! Welcome to SURYA BHARTI NEWS
टेक्नोलॉजीराजस्थान

भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, कोटा में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास,

पूरे परिसर में राष्ट्रीय गौरव, एकता और देशभक्ति का वातावरण देखने को मिला।

भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, कोटा में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में संस्थान के विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे परिसर में राष्ट्रीय गौरव, एकता और देशभक्ति का वातावरण देखने को मिला।
समारोह के अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. एन. पी. पाढ़ी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने प्रेरक संदेश में उन्होंने संस्थान के विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों द्वारा शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, तकनीकी विकास तथा विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में तकनीकी शिक्षा संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है और विद्यार्थियों को ज्ञान एवं तकनीकी दक्षता के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने सामाजिक दायित्वों को भी समझना चाहिए।
इस अवसर पर संस्थान के समन्वयक प्रो. राजेश कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी सदस्यों ने राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं एकता की भावना व्यक्त की। प्रो. राजेश कुमार ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय उत्सव नहीं, बल्कि यह हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को स्मरण करने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने कहा, “स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि यह हमें हमारे कर्तव्यों, जिम्मेदारियों और देश सेवा के संकल्प की याद दिलाता है। शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से हमें राष्ट्र के विकास में अपना सर्वोत्तम योगदान देना चाहिए।” उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा, ज्ञान और तकनीकी क्षमता का उपयोग देश एवं समाज के हित में करें तथा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
समारोह के दौरान संस्थान में आयोजित विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को समन्वयक प्रो. राजेश कुमार द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा, रचनात्मकता और टीम भावना का प्रदर्शन किया। विजेताओं को सम्मानित किए जाने पर समारोह में उपस्थित विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में संस्थान के रजिस्ट्रार प्रो. रोहित भाकर, डीन अकादमिक प्रो. पिल्ली एम्मानुएल शुभाकर तथा डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. हरलाल सिंह माली भी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे। उन्होंने भी विद्यार्थियों एवं संस्थान परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह का सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। संस्थान के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, कविता पाठ तथा अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता, राष्ट्रप्रेम, एकता और भारतीय संस्कृति की विविधता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों को भाव-विभोर कर दिया ।
कार्यक्रम का संचालन असोसिएट डीन डॉ. अमित कुमार गर्ग ने किया।
समारोह के अंत में सभी विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!