कर्मा उत्सव देख रहे युवक पर टंगिया से हमला, आरोपी गिरफ्तार।

कुसमी/गर्दन के नीचे गहरा घाव, डायल 112 की मदद से घायल को कुसमी अस्पताल पहुंचाया गया
घटना के कारणों की जांच में जुटी सामरी पुलिस
सामरी थाना क्षेत्र के ग्राम सेरंगदाग में कर्मा त्योहार के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक पर एक ग्रामीण ने टंगिया से हमला कर दिया। हमले में युवक के गर्दन के नीचे गहरा घाव हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने डायल 112 और सामरी पुलिस को दी। डायल 112 की टीम ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकीय उपचार के बाद घायल की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सेरंगदाग निवासी 30 वर्षीय भोटना नगेसिया, पिता शीतल नगेसिया, सुबह करीब 8 बजे गांव के अखरा में कर्मा त्योहार का कार्यक्रम देखने के लिए खड़ा था। इसी दौरान उदय नगेसिया, पिता आमिर नगेसिया, कथित रूप से हाथ में टंगिया लेकर वहां पहुंचा और अचानक भोटना नगेसिया के गर्दन के पास वार कर दिया। टंगिया के वार से गर्दन के ठीक नीचे करीब चार इंच लंबा गहरा घाव हो गया, जिससे काफी रक्तस्राव होने लगा।
बताया गया कि घटना के समय भोटना ने गर्दन में साल लपेट रखा था। टंगिया का वार सीधे गर्दन पर लगने के बजाय साल को छूते हुए गर्दन के नीचे लगा। इससे बड़ा हादसा टल गया। कर्मा त्योहार के कार्यक्रम में काफी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद थीं। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 और सामरी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लेकर आई, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।
इधर सूचना मिलते ही सामरी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ की और आरोपी उदय नगेसिया को गिरफ्तार कर थाना ले गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
घायल भोटना नगेसिया ने बताया कि वह सुबह अपने मामा के घर कर्मा त्योहार में शामिल होने गया था। मामा-मामी से बातचीत करने के बाद वह बाहर निकलकर अखरा में खड़ा होकर कार्यक्रम देख रहा था। इसी दौरान आरोपी कब वहां पहुंचा, उसे पता नहीं चला और अचानक उस पर टंगिया से वार कर दिया। घायल के अनुसार आरोपी से उसका पूर्व में किसी प्रकार का विवाद या झगड़ा नहीं हुआ था। उसने बताया कि वह रात में भी अपने घर से कर्मा त्योहार में नहीं आया था और हमले के कारणों की उसे जानकारी नहीं है।
फिलहाल सामरी पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटना के वास्तविक कारणों तथा हमले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।





