Welcome to SURYA BHARTI NEWS   Click to listen highlighted text! Welcome to SURYA BHARTI NEWS
छत्तीसगढ़

महिला के अंधे क़त्ल की गुत्थी सुलझी,आरोपी गिरफ्तार

कुसमी/कुसमी पुलिस ने किया हत्या का खुलासा, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

कुसमी नगर में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान ग्राम गम्हराडीह, थाना शंकरगढ़ निवासी रतन नगेेशिया पिता गेदा उर्फ गोपाल के रूप में हुई है। आरोपी को बुधवार 13 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को प्रार्थिया संतोषी बरगाह निवासी थानापारा, कुसमी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी मां सरस्वती बरगाह पिछले करीब एक वर्ष से सिंचाई कॉलोनी कुसमी स्थित अपने घर में अकेली रहती थीं। 4 जुलाई की सुबह वह अपनी मां से मिलने घर पहुंची, जहां दरवाजे पर बाहर से सिकड़ी लगी थी। सिकड़ी खोलकर अंदर जाने पर सरस्वती बरगाह खून से लथपथ हालत में पड़ी मिलीं। उनके सिर में गंभीर चोट थी और उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के सिर पर गंभीर चोट पहुंचने से हत्या की आशंका सामने आने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ थाना कुसमी में अपराध क्रमांक 65/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जांच आगे बढ़ाते हुए घटनास्थल के आसपास पूछताछ की। इस दौरान मृतका की पहचान के लोगों से पूछताछ में रतन नगेेशिया का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक संदेह के आधार पर उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार आरोपी कुसमी में रहकर मजदूरी करता था और करीब 7-8 महीने से सरस्वती बरगाह के घर के आसपास मजदूरी के सिलसिले में आता-जाता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकी संबंध होने की बात पुलिस जांच में सामने आई। बाद में सरस्वती बरगाह द्वारा आरोपी से दूरी बनाए जाने के बाद दोनों के बीच विवाद होने लगा।
पुलिस के मुताबिक 2 जुलाई की शाम आरोपी रतन नगेेशिया और सरस्वती बरगाह के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से घर में रखी कुदाली से सरस्वती के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी दरवाजा बंद कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुदाली तथा घटना के दौरान पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी रतन नगेेशिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!